आईआरएफसी ओएफएस में संस्थागत निवेशकों के कोटा को 1.86 गुना अभिदान

Ads

आईआरएफसी ओएफएस में संस्थागत निवेशकों के कोटा को 1.86 गुना अभिदान

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 06:33 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) के बिक्री पेशकश (ओएफएस) निर्गम में संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,900 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बोलियां लगाईं। इससे उनके लिए आरक्षित हिस्से 1.86 गुना अभिदान मिला।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, गैर-खुदरा निवेशकों ने आईआरएफसी के 21.87 करोड़ से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं, जबकि उनके लिए 11.76 करोड़ शेयर आरक्षित थे। बोलियों का सांकेतिक मूल्य 91.10 रुपये प्रति शेयर रहा।

सरकार आईआरएफसी में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी (यानी 26.13 करोड़ शेयर) 91 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेच रही है। इस बिक्री पेशकश में एक प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का विकल्प भी शामिल है।

निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने कहा कि इस बिक्री पेशकश को निवेशकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने ग्रीनशू विकल्प का उपयोग करने का निर्णय लिया है। खुदरा निवेशक और कर्मचारी 25 जून को इस निर्गम में बोली लगा सकेंगे।’’

बीएसई पर आईआरएफसी का शेयर बुधवार को 6.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.53 रुपये पर बंद हुआ।

चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार पांच केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में अल्पांश हिस्सेदारी बेच चुकी है, जिससे कुल विनिवेश प्राप्ति 16,480 करोड़ रुपये हो गई है।

इसमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये, जीआईसी से 3,090 करोड़ रुपये, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया से 2,266 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया से 1,223 करोड़ रुपये जुटाये गये हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय