जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी का गठन, दोनों फर्मों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी
जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी का गठन, दोनों फर्मों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) और जर्मनी की कंपनी आलियांज के संयुक्त उद्यम ‘जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड’ (जेएजीआईएल) का मंगलवार को औपचारिक रूप से गठन हो गया। कंपनी को कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से निगमन प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है।
जेएफएसएल और आलियांज की इस बीमा कंपनी में 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
जेएफएसएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड भारत में स्वास्थ्य बीमा सहित साधारण बीमा कारोबार करेगी। हालांकि, इसके लिए नियामकीय मंजूरियां आवश्यक होंगी।
कंपनी ने कहा कि वह 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 49.50 लाख इक्विटी शेयरों की शुरुआती सदस्यता के लिए 4.95 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके बदले उसे कंपनी में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह संबंधित पक्ष लेनदेन नहीं है और कंपनी के प्रवर्तकों या समूह कंपनियों का इसमें कोई हित नहीं है।
जेएफएसएल ने कहा कि भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद कंपनी का गठन किया गया है। कंपनी को कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से निगमन प्रमाणपत्र 12 मई, 2026 को प्राप्त हुआ।
पिछले वर्ष आलियांज ने बजाज फिनसर्व के साथ अपने दो संयुक्त उपक्रमों में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी लगभग 2.84 अरब अमेरिकी डॉलर में बेचने की घोषणा की थी। इसके साथ ही दोनों कंपनियों के बीच 24 वर्ष पुरानी साझेदारी समाप्त हो गई थी।
इसके बाद जुलाई, 2025 में आलियांज ने जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ पक्के समझौते को अंतिम रूप दिया था।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


