जोगिंद्रा ग्रुप पंजाब में करेगा 1,100 करोड़ रुपये का निवेश: उद्योग मंत्री अरोड़ा

Ads

जोगिंद्रा ग्रुप पंजाब में करेगा 1,100 करोड़ रुपये का निवेश: उद्योग मंत्री अरोड़ा

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 09:01 PM IST

चंडीगढ़, एक अप्रैल (भाषा) पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने बुधवार को कहा कि इस्पात विनिर्माता कंपनी जोगिंद्रा ग्रुप राज्य में अपनी विस्तार योजनाओं के तहत 1,100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

अरोड़ा ने दावा किया कि यह निवेश पंजाब की प्रगतिशील नीतियों और व्यापार के अनुकूल माहौल में उद्योगों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

मंत्री ने बताया कि इस विस्तार योजना में इस्पात क्षेत्र में 700 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, जो मुख्य रूप से ‘जोगिंद्रा कास्टिंग्स’ और ‘वर्धमान आदर्श’ के माध्यम से किया जाएगा।

इसके अलावा, ‘जोगिंद्रा ग्रीन इंडिया’ के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

मंत्री ने कहा, ‘जोगिंद्रा ग्रुप का कारोबार 3,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। वहीं, कर्मचारियों की संख्या भी 1,800 से बढ़कर 3,000 हो जाएगी। यानी रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा होंगे।’

उन्होंने बताया कि इस विस्तार के साथ ही कंपनी की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता भी 37 मेगावाट से बढ़कर 120 मेगावाट हो जाएगी।

वर्ष 1992 में स्थापित जोगिंद्रा ग्रुप उत्तर भारत का एक प्रमुख औद्योगिक समूह है, जिसकी इस्पात निर्माण में मजबूत पकड़ है और अब अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में भी इसका विस्तार हो रहा है।

भाषा सुमित रमण

रमण