नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने बुधवार को कहा कि उसने इंडियन गैस एक्सचेंज लिमिटेड (आईजीएक्स) के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत घरेलू प्राकृतिक गैस कीमतों पर आधारित एक्सचेंज-ट्रेडेड डेरिवेटिव उत्पाद पेश किए जाएंगे।
इस साझेदारी के तहत एनएसई प्राकृतिक गैस के वायदा अनुबंध जारी करेगा, जो आईजीएक्स के मानक सूचकांक गैस इंडेक्स ऑफ इंडिया (जीआईएक्सआई) से जुड़े होंगे। यह सूचकांक आईजीएक्स मंच पर होने वाले वास्तविक लेनदेन के आधार पर कीमतों को दर्शाता है।
इस पहल का उद्देश्य घरेलू गैस बाजार में मूल्य खोज को बेहतर बनाना और प्रतिभागियों को जोखिम प्रबंधन के लिए एक प्रभावी साधन उपलब्ध कराना है।
एनएसई ने एक बयान में कहा कि उसे भारतीय प्राकृतिक गैस वायदा अनुबंधों की पेशकश के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है और जल्द ही पेशकश की तारीख घोषित की जाएगी।
इन प्रस्तावित अनुबंधों का मकसद गैस मूल्य श्रृंखला से जुड़े सभी पक्षों के लिए एक पारदर्शी और असरदार जोखिम प्रबंधन उपकरण उपलब्ध कराना है।
एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा, ‘‘आईजीएक्स के साथ हमारी साझेदारी भारत के गैस पारिस्थिकी तंत्र के विकास में एक अहम पड़ाव है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आईजीएक्स सूचकांक पर आधारित डेरिवेटिव पेश करके हमारा मकसद घरेलू गैस बाजार के हिसाब से मजबूत जोखिम प्रबंधन टूल बनाना, बाज़ार की कार्यक्षमता को बढ़ाना और तरलता को बढ़ाना है।’’
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम