नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) इस्पात कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील का मई में कच्चे इस्पात का उत्पादन 15 प्रतिशत बढ़कर 22.93 लाख टन हो गया जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 19.96 लाख टन था।
सज्जन जिंदल की अगुवाई वाली कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उत्पादन में यह बढ़ोतरी डोलवी संयंत्र के पूर्ण संचालन और जेएसडब्ल्यू विजयनगर मेटेलिक्स लिमिटेड (जेवीएमएल) के पूरी तरह चालू होने के कारण हुई है।
जेएसडब्ल्यू स्टील के पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी जेवीएमएल का संचालन अब पूरी क्षमता के साथ हो रहा है। वहीं, विजयनगर स्थित ब्लास्ट फर्नेस-3 क्षमता उन्नयन के लिए बंद है और इसके जून के दूसरे पखवाड़े में फिर से शुरू होने की संभावना है।
कंपनी ने कहा कि भारतीय परिचालन में क्षमता उपयोग ब्लास्ट फर्नेस-3 को छोड़कर 98 प्रतिशत और उसे शामिल करने पर 87 प्रतिशत रहा।
मई महीने में भारतीय परिचालन का उत्पादन 21.98 लाख टन रहा, जो पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान अमेरिका स्थित जेएसडब्ल्यू स्टील यूएसए-ओहियो का भी उत्पादन 20 प्रतिशत बढ़कर 95 हजार टन रहा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय