कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में 1,500 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी

Ads

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में 1,500 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 08:21 PM IST

बहराइच, आठ सितंबर (भाषा) वन्यजीवों और मानव के बीच संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के बीच बहराइच स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में संवेदनशील गांवों को रोशन करने की पहल की जा रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सिग्निफाई इंडिया के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) सहयोग से इन गांवों में करीब 1,500 स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग/अभ्यारण्य के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि प्रभाग के सभी सात रेंज में उन गांवों और स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं अधिक सामने आई हैं।

उन्होंने बताया कि गांवों के प्रवेश मार्गों, प्रमुख रास्तों और जंगल की सीमा से लगे संवेदनशील स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं।

दीक्षित ने कहा कि यह पहल ऐसे समय में अहम है, जब कतर्नियाघाट क्षेत्र में हाल के दिनों में तेंदुए के हमलों की घटनाएं सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि इलाका अभी बाढ़ से प्रभावित है, जिसके चलते वन्यजीव आबादी की ओर रुख कर रहे हैं।

दीक्षित ने कहा कि वन विभाग वन्यजीवों से आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वास में पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक सितंबर को तड़के ककरहा रेंज के महबूबनगर गांव में तेंदुए के हमले से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। एक अन्य घटना में सोमवार रात करीब नौ बजे कतर्नियाघाट रेंज के आनंद नगर गांव में नौ वर्षीय राजवीर पर तेंदुए ने उस समय हमला कर दिया, जब वह सड़क किनारे लगे हैंडपंप से पानी लेने गया था।

राजवीर के घर के पीछे गन्ने के खेत हैं और वहीं से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजवीर को परिजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

भाषा

सं आनन्द पारुल

पारुल