एशियाई जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: माधवेंद्र और इमंगाली को रैपिड वर्ग में संयुक्त बढ़त

Ads

एशियाई जूनियर शतरंज चैंपियनशिप: माधवेंद्र और इमंगाली को रैपिड वर्ग में संयुक्त बढ़त

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 06:23 PM IST

मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) भारत के माधवेंद्र प्रताप शर्मा और कजाखस्तान के अखिलबे इमंगाली मंगलवार को यहां एशियाई जूनियर शतरंज चैंपियनशिप की रैपिड स्पर्धा में संयुक्त बढ़त पर हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने चार दौर में चार अंक हासिल किए हैं और 82 खिलाड़ियों के बीच संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

तीन दौर अभी बाकी हैं और दोनों खिलाड़ियों ने प्रतिष्ठित एशियाई जूनियर रैपिड खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

भारत के चार खिलाड़ी शरनार्थी वीरेश, अपूर्व कांबले, अरुण कटारिया और आदित्य धिंगरा 3.5 अंक के साथ संयुक्त शीर्ष पर चल रहे खिलाड़ियों से महज आधा अंक पीछे हैं। इससे खिताब की दौड़ रोमांचक बनी हुई है।

तीन अंक के साथ 12 खिलाड़ियों का एक बड़ा समूह संयुक्त रूप से अगले स्थान पर है।

लड़कियों की रैपिड चैंपियनशिप में तस्वीर पूरी तरह अलग है जहां ओपन वर्ग के विपरीत कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है और चार दौर के बाद छह खिलाड़ी 3.5 अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

तुर्कमेनिस्तान की रेजेपोवा जहान, निवेदिता वीसी, श्राव्यश्री बी, प्रतीति बारदोलोई, उज्बेकिस्तान की बेगमुरातोवा सरविनोज और अक्षया साठी संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। सभी छह खिलाड़ी चार दौर के बाद अजेय हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द