नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देश के 121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन फास्टैग स्थानीय पास की सुविधा का विस्तार किया है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि पात्र दैनिक यात्री ‘राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप’ के जरिये ऑनलाइन मासिक स्थानीय पास ले सकते हैं। इससे टोल प्लाजा पर व्यक्तिगत रूप से जाने और सहायक दस्तावेजों को भौतिक रूप से जमा करने की आवश्यकता खत्म हो जाएगी।
पहली डिजिटल लोकल पास सुविधा जुलाई, 2026 में दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 पर स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई थी।
इस पहल का मकसद टोल संचालन की पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रा को अधिक निर्बाध और नागरिक केंद्रित बनाना है। डिजिटल स्थानीय पास व्यवस्था के तहत पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग ‘राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप’ के माध्यम से स्थानीय पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय