बिहार में खगड़िया–पूर्णिया चार-लेन परियोजना को मंजूरी, लागत 3,936 करोड़ रुपये

बिहार में खगड़िया–पूर्णिया चार-लेन परियोजना को मंजूरी, लागत 3,936 करोड़ रुपये

बिहार में खगड़िया–पूर्णिया चार-लेन परियोजना को मंजूरी, लागत 3,936 करोड़ रुपये
Modified Date: June 3, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: June 3, 2026 4:22 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में खगड़िया–पूर्णिया खंड (एनएच-31 और एनएच-231) को चार-लेन राजमार्ग में उन्नत करने को बुधवार को मंजूरी दे दी। यह परियोजना बीओटी (टोल) मॉडल पर 3,936.05 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस उन्नयन से खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों में सड़कों की समस्याओं, तीखे मोड़ों और शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ आदि का समाधान होगा।

परियोजना के तहत पूर्णिया शहर के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी विकसित किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि इस परियोजना से औसत यात्रा गति बढ़ेगी, यात्रा समय घटकर लगभग दो घंटे रह जाएगा और सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता तथा वाहन परिचालन लागत में सुधार होगा। इससे क्षेत्रीय संपर्क और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह परियोजना बिहार के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक एवं लॉजिस्टिक केंद्रों के साथ निर्बाध संपर्क प्रदान करेगी। साथ ही उन्नत गलियारा-5 पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्रों और 11 लॉजिस्टिक केंद्रों (चार प्रमुख रेलवे स्टेशन, एक हवाई अड्डा, चार राष्ट्रीय राजमार्ग और दो राज्य राजमार्ग) से जुड़कर बहु-मॉडल एकीकरण को बढ़ावा देगा जिससे पूरे क्षेत्र में माल तथा यात्री आवागमन तेज होगा।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में