किआ मोटर्स ने पेश की सोनेट, शुरुआती कीमत 6.71 लाख रुपये

Ads

किआ मोटर्स ने पेश की सोनेट, शुरुआती कीमत 6.71 लाख रुपये

  •  
  • Publish Date - September 18, 2020 / 02:49 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:59 PM IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) वाहन बनाने वाली दक्षिण कोरियाई कंपनी किआ मोटर्स

ने शुक्रवार को अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी सोनेट भारतीय बाजार में पेश की। इसकी शोरूम कीमत 6.71 लाख रुपये से 11.99 लाख रुपये के बीच है।

किआ मोटर्स ने कहा कि चार मीटर तक की लंबाई वाली श्रेणी में यह कार हुंदै की वेन्यू, मारुति सुजुकी की विटारा ब्रेजा, टाटा मोटर्स की नेक्सॉन, होंडा की डब्ल्यूआर-वी और फोर्ड की इकोस्पोर्ट से प्रतिस्पर्धा करेगी। यह कार पेट्रोल और डीजल दोनों संस्करण में उपलब्ध होगी।

कंपनी ने कहा कि कुल मिलाकर सोनेट के 17 वैरिएंट बाजार में मौजूद होंगे। पेट्रोल संस्करण में एक लीटर क्षमता वाला जीडीआई और 1.2 लीटर क्षमता वाला जी1 इंजन होगा। इसकी कीमत 6.71 लाख रुपये से 11.99 लाख रुपये के बीच होगी।

डीजल संस्करण में 1.5 लीटर का सीआरडीआई इंजन होगा। इसकी कीमत 8.05 लाख रुपये से 11.99 लाख रुपये के बीच होगी।

किआ मोटर्स इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कूकयुन शिम ने कहा कि सोनेट कंपनी की भारत में निर्मित नवीनतम कार है जो वैश्विक बाजार के लिए भी उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग कंपनी 20 अगस्त से पहले ही शुरू कर चुकी है।

भाषा शरद महाबीर

महाबीर