लावा का 2030 तक 30,000 रुपये से कम दाम वाले स्मार्टफोन बाजार में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य
लावा का 2030 तक 30,000 रुपये से कम दाम वाले स्मार्टफोन बाजार में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य
कोलकाता, 11 जून (भाषा) मोबाइल फोन विनिर्माता लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने 2030 तक 30,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन खंड में 10 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी का मानना है कि उत्पाद नवोन्मेष, आकर्षक डिजाइन और बेहतर बिक्री-बाद सेवाओं के बल पर वह यह लक्ष्य हासिल कर सकेगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक सुनील रैना ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि स्मार्टफोन खंड में कंपनी की वर्तमान बाजार हिस्सेदारी दो प्रतिशत से कम है, लेकिन पिछले चार वर्षों में इस श्रेणी में उसकी वार्षिक वृद्धि 40-50 प्रतिशत रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘2017 के बाद भारतीय स्मार्टफोन कंपनियों के लिए चुनौतीपूर्ण दौर था जिससे हमें अपने स्मार्टफोन कारोबार की रणनीति पर विराम लगाना पड़ा। हमने 2022 में फिर से इस क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया और तब से 40-50 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान उद्योग लगभग स्थिर रहा, लेकिन हम लगातार बढ़ते रहे।’’
रैना ने कहा कि कंपनी फिलहाल 30,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन खंड पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस समय हमारी बाजार हिस्सेदारी दो प्रतिशत से कम है। हमारा लक्ष्य 2030 तक इस श्रेणी में 10 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना है।’’
उन्होंने बताया कि देश में हर साल लगभग 15 करोड़ स्मार्टफोन बिकते हैं। इसमें 30,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन का हिस्सा 70 से 75 प्रतिशत हैं।
रैना ने कहा कि कंपनी फिलहाल इसी खंड पर ध्यान केंद्रित कर रही है और महंगे स्मार्टफोन वर्ग में धीरे-धीरे आगे बढ़ने की रणनीति अपना रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम स्मार्टफोन बाजार में बड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी में सेंध लगाने में सफल रहे हैं। हमने उन समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया है, जिन्हें अन्य कंपनियां नजरअंदाज कर रही हैं।’’
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


