एलआईसी म्यूचुअल फंड ने देश में खोली पहली महिला केंद्रित म्यूचुअल फंड शाखा

एलआईसी म्यूचुअल फंड ने देश में खोली पहली महिला केंद्रित म्यूचुअल फंड शाखा

एलआईसी म्यूचुअल फंड ने देश में खोली पहली महिला केंद्रित म्यूचुअल फंड शाखा
Modified Date: February 10, 2026 / 02:59 pm IST
Published Date: February 10, 2026 2:59 pm IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) एलआईसी म्यूचुअल फंड एसेट मैनेजमेंट लि. ने देश में अपनी पहली महिला-केंद्रित शाखा खोली है। दक्षिण दिल्ली में खोली गयी इस शाखा के साथ यह देश की पहली परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी बन गयी है जिसने म्यूचुअल फंड निवेश में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से यह कदम उठाया है।

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) प्रायोजित कंपनी ने बयान में कहा कि इस पहल का मकसद निवेश में भागीदारी के मामले में स्त्री-पुरूष अंतर को पाटते हुए महिलाओं को उनके वित्तीय भविष्य की अधिक जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

एलआईसी म्यूचुअल फंड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार झा ने कहा, ‘‘घरेलू और लंबी अवधि के वित्तीय फैसलों में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस पहल का उद्देश्य उन्हें अधिक सुलभ, सहयोगी और सहभागिता आधारित निवेश अनुभव प्रदान करना है।’’

दक्षिण दिल्ली शाखा में पूरी तरह से महिलाएं ही काम करेंगी और इसका प्रबंधन भी उन्हीं के जिम्मे है।

इस इलाके को म्यूचुअल फंड उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण वृद्धि वाला बाजार माना जाता है, जिसकी अनुमानित प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) लगभग 1.30 लाख करोड़ रुपये हैं। वहीं म्यूचुअल फंड वितरकों की संख्या 2,000 से ज्यादा है।

एलआईसी म्यूचुअल फंड की दक्षिण दिल्ली में प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां 31 दिसंबर, 2025 तक लगभग 200 करोड़ रुपये थी।

झा ने कहा कि इस शाखा का मकसद एक अलग जगह देना है, जहां महिलाएं निवेश के बारे में सीख सकें और ज्यादा भरोसे के साथ सोच-समझकर फैसले ले सकें।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में