तिमाही नतीजों के बाद एलआईसी का शेयर सात प्रतिशत से अधिक उछला

Ads

तिमाही नतीजों के बाद एलआईसी का शेयर सात प्रतिशत से अधिक उछला

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 06:36 PM IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एलआईसी के शेयरों में शुक्रवार को सात प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। दिसंबर तिमाही के शुद्ध लाभ में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करने के बाद निवेशकों ने इसके शेयरों की खरीद पर खासा जोर दिया।

बीएसई पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का शेयर 7.26 प्रतिशत उछलकर 901.50 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 7.97 प्रतिशत चढ़कर 907.50 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर भी कंपनी के शेयर 7.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 901.85 रुपये पर बंद हुए। एक समय यह आठ प्रतिशत उछलकर 907.50 रुपये पर पहुंच गए थे।

शेयरों में आई इस तेजी से एलआईसी का बाजार मूल्यांकन 38,614.11 करोड़ रुपये बढ़कर 5,70,198.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

एलआईसी ने बृहस्पतिवार को घोषित तिमाही नतीजों में कहा था कि तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 17 प्रतिशत बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये रहा। नए कारोबार में वृद्धि और निवेश आय के चलते मुनाफे में यह बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।

भाषा सुमित प्रेम

प्रेम