नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के आंकड़ों के अनुसार लोकप्रिय यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए होने वाले लेनदेन का मूल्य जुलाई 2026 में फिर से 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले मई 2026 में भी यूपीआई लेनदेन 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार जुलाई में लेनदेन की संख्या 23.66 अरब रही, जो मई के 23.2 अरब और जून के 22.72 अरब से अधिक है।
जुलाई में लेनदेन का मूल्य 29.88 लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी महीने में 25.08 लाख करोड़ रुपये था। इस प्रकार इसमें सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
पेनियरबाय के प्रबंध निदेशक और सीईओ आनंद कुमार बजाज ने कहा, ”यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र की नींव को लगातार मजबूत कर रहा है। इसने जुलाई 2026 में 29.88 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 23.66 अरब लेनदेन को संसाधित किया, जो लाखों भारतीयों के लिए भुगतान के पसंदीदा माध्यम के रूप में इसकी भूमिका की पुष्टि करता है।”
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे यूपीआई की पहुंच बढ़ रही है, ध्यान जमीनी स्तर पर विश्वास, जागरूकता और सरलता पर केंद्रित रहना चाहिए। यूपीआई अब यूएई, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर सहित लगभग दस देशों में सक्रिय है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय