एलएंडटी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 4,123 करोड़ रुपये पर

एलएंडटी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 4,123 करोड़ रुपये पर

एलएंडटी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 4,123 करोड़ रुपये पर
Modified Date: July 28, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:59 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ लगभग 14 प्रतिशत बढ़कर 4,122.85 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 3,617.19 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान उसका एकीकृत परिचालन राजस्व बढ़कर 67,941.74 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 63,678.92 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया, ‘‘लार्सन एंड टुब्रो समूह ने 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के लिए 67,942 करोड़ रुपये का एकीकृत राजस्व दर्ज किया, जो सालाना आधार पर सात प्रतिशत अधिक है।’’

कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार से राजस्व 34,393 करोड़ रुपये रहा और इसने कुल राजस्व में 51 प्रतिशत का योगदान दिया।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रमण्यन ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष की शुरुआत भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं की पृष्ठभूमि में हुई है। कंपनी मजबूत नकदी प्रवाह को बनाए रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अपना ध्यान केंद्रित करके गति बनाए रखने में सफल रही है। तिमाही का प्रदर्शन हमारे पोर्टफोलियो के लचीलेपन को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में फैले विविध पोर्टफोलियो के साथ, कंपनी को भरोसा है कि वह उभरते अवसरों का लाभ उठाते हुए वृद्धि को बनाए रखेगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय


लेखक के बारे में