मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम, अमेजन इंडिया के बीच ई-कॉमर्स निर्यात बढ़ाने के लिए समझौता
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम, अमेजन इंडिया के बीच ई-कॉमर्स निर्यात बढ़ाने के लिए समझौता
भोपाल, 17 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एमपीएसआईडीसी) और अमेजन इंडिया ने राज्य से ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
अमेजन इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई), उद्यमियों, डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (डी2सी) ब्रांड, विनिर्माताओं, बुनकरों, शिल्पकारों और उत्पादकों को वैश्विक कारोबार स्थापित करने में मदद करना है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस समझौते के तहत इन कारोबारों को अमेजन के वैश्विक बिक्री कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक अपनी पहुंच बना सकें।
इसमें कहा गया कि यह समझौता नयी दिल्ली में आयोजित ‘भारत टेक्स’ कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में हुआ।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस सहयोग का उद्देश्य ई-कॉमर्स निर्यात के प्रति जागरूकता बढ़ाना, निर्यातकों की तैयारियों को मजबूत करना, ज्ञान साझा करने को बढ़ावा देना तथा ऐसा कार्यक्रम विकसित करना है, जिससे मध्यप्रदेश के कारोबार अमेजन के अंतरराष्ट्रीय मार्केटप्लेस के माध्यम से वैश्विक ग्राहकों तक पहुंच सकें।
समझौते के तहत अमेजन और मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम संयुक्त रूप से राज्य के लिए ई-कॉमर्स निर्यात की एक रूपरेखा तैयार करेंगे। इसमें नीतिगत और बुनियादी ढांचे से जुड़े सुझाव शामिल होंगे, ताकि 2030 तक भारत के 200-300 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात के लक्ष्य के अनुरूप सीमा-पार निर्यात को गति दी जा सके।
मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक चंद्रमौलि शुक्ला ने कहा कि राज्य अपने मजबूत एमएसएमई आधार और विविध उत्पाद श्रेणियों के कारण देश के निर्यात परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है।
अमेजन ग्लोबल सेलिंग इंडिया के प्रमुख श्रीनिधि कलवपुडी ने कहा कि यह समझौता मध्यप्रदेश के कारोबारों के लिए अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक पहुंच का रास्ता साफ करेगा।
भाषा दिमो सिम्मी रमण योगेश
योगेश

Facebook


