गुजरात के उपमुख्यमंत्री संघवी ने एचसीएल टेक के वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया
गुजरात के उपमुख्यमंत्री संघवी ने एचसीएल टेक के वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया
गांधीनगर, 17 जुलाई (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में एचसीएल टेक के वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, संघवी ने इसे गिफ्ट सिटी के विकास और गुजरात के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उद्घाटन समारोह में संघवी ने एचसीएल टेक की ‘कम बैक होम’ पहल की सराहना की।
बयान में संघवी के हवाले से कहा गया, ‘गुजरात के कई प्रतिभाशाली युवा वर्तमान में रोजगार की तलाश में अपने परिवार और माता-पिता से दूर बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद और यहां तक कि अमेरिका में काम कर रहे हैं। एचसीएल की पहल उन्हें वापस अपने गृह राज्य में लाने और रोजगार उपलब्ध कराने का उदाहरण पेश करती है, जिसे अन्य कंपनियां भी अपना सकती हैं।’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से गुजरात के युवा अपने गृह नगर में परिवार के साथ रहते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी आईटी करियर बना सकेंगे और अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकेंगे।
एचसीएल टेक ने उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग बढ़ाने तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रौद्योगिकी प्रतिभा तैयार करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गांधीनगर और गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (जीटीयू) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


