महाराष्ट्र ने विमान ईंधन पर वैट 18 से घटाकर सात प्रतिशत किया
महाराष्ट्र ने विमान ईंधन पर वैट 18 से घटाकर सात प्रतिशत किया
मुंबई, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने विमान ईंधन (एटीएफ) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) को 18 प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह छूट 15 मई से अगले छह महीने तक लागू रहेगी।
अधिकारी ने कहा कि राज्य के वित्त विभाग ने 14 मई को महाराष्ट्र मूल्य वर्धित कर अधिनियम, 2002 के तहत इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना के अनुसार, “यह रियायत 15 मई से 14 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद सरकार द्वारा अवधि नहीं बढ़ाने या संशोधन नहीं किए जाने की स्थिति में पुरानी दर लागू हो जाएगी।”
अधिसूचना में कहा गया कि महाराष्ट्र मूल्य वर्धित कर अधिनियम, 2002 की अनुसूची-बी की प्रविष्टि-6 में मौजूदा 18 प्रतिशत कर दर की जगह सात प्रतिशत कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि वैट में कटौती से विमानन कंपनियों की ईंधन लागत कम होने की उम्मीद है। इससे राज्य में हवाई संपर्क और हवाई अड्डों की प्रतिस्पर्धी क्षमता में भी सुधार हो सकता है।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


