मणिपाल हॉस्पिटल ने इमामी समूह के एएमआरआई हॉस्पिटल में 84 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

मणिपाल हॉस्पिटल ने इमामी समूह के एएमआरआई हॉस्पिटल में 84 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

मणिपाल हॉस्पिटल ने इमामी समूह के एएमआरआई हॉस्पिटल में 84 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी
Modified Date: September 20, 2023 / 08:24 pm IST
Published Date: September 20, 2023 8:24 pm IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) मणिपाल हॉस्पिटल ने बुधवार को कहा कि उसने इमामी समूह की कंपनी एएमआरआई हॉस्पिटल लिमिटेड में 84 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की है। यह सौदा 2300 करोड़ रुपये में हुआ।

इस अधिग्रहण के बाद कोलकाता स्थित इमामी समूह की एएमआरआई हॉस्पिटल में 15 फीसदी हिस्सेदारी होगी।

सौदे से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सिंगापुर सरकार की निवेश शाखा टेमासेक होल्डिंग्स ने इमामी समूह के प्रवर्तकों को बॉन्ड सहित 2300 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। टेमासेक होल्डिंग्स की मणिपाल हॉस्पिटल में 59 फीसदी हिस्सेदारी है।

देश की दूसरी सबसे बड़ी अस्पताल श्रृंखला मणिपाल हॉस्पिटल ने एक बयान में कहा कि इस अधिग्रहण से मणिपाल हॉस्पिटल को पूर्वी भारत में अपनी उपस्थिति बढ़ाने में मदद मिलेगी। संयुक्त इकाई के पास 17 शहरों में 33 अस्पताल होंगे।

मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप (एमईएमजी) के चेयरमैन रंजन पई ने कहा, ”यह अधिग्रहण हमारी उपस्थिति को और मजबूत करने और पूर्वी भारत में मरीजों की सेवा करने के हमारे उद्देश्य के अनुरूप है।”

इमामी समूह के निदेशक आदित्य अग्रवाल और मनीष गोयनका ने कहा कि समूह ने एएमआरआई हॉस्पिटल में अपनी बहुमत हिस्सेदारी बेच दी है, लेकिन 15 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ निवेशक के रूप में बना रहेगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार की एएमआरआई हॉस्पिटल में एक प्रतिशत हिस्सेदारी है।

एएमआरआई के अस्पताल ढाकुरिया, मुकुंदपुर और साल्ट लेक (कोलकाता में) तथा भुवनेश्वर में है। इनमें 1,200 से अधिक बिस्तर और 800 से अधिक डॉक्टर हैं।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में