मारुति सुजुकी ने तमिलनाडु में सात स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र शुरू किए

मारुति सुजुकी ने तमिलनाडु में सात स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र शुरू किए

मारुति सुजुकी ने तमिलनाडु में सात स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र शुरू किए
Modified Date: February 27, 2026 / 03:38 pm IST
Published Date: February 27, 2026 3:38 pm IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया ने तमिलनाडु सरकार के साथ साझेदारी कर राज्य में सात स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र शुरू किए हैं।

यह पहल तमिलनाडु सरकार के परिवहन विभाग और कंपनी के बीच हुए समझौते का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत पूरे राज्य में कुल दस वाहन परीक्षण केंद्रों को स्वचालित बनाया जाना था।

कंपनी ने कहा कि इन नए केंद्रों के आरंभ होने के साथ ही राज्य के सभी 10 वाहन परीक्षण केंद्र अब पूर्णतः स्वचालित हो गए हैं।

मारुति सुजुकी इंडिया के कंपनी मामलों के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने एक बयान में कहा, ‘‘ये स्वचालित परीक्षण केंद्र उच्च गुणवत्ता वाले कैमरों और उन्नत जांच व्यवस्था से सुसज्जित हैं। इनके माध्यम से वाहन चलाने की परीक्षा व्यापक, शीघ्र और पारदर्शी तरीके से होती है। इसमें किसी व्यक्ति की पक्षपातपूर्ण भूमिका नहीं रहती और केवल सही ढंग से वाहन चलाने वाले योग्य लोगों को ही वाहन चलाने का लाइसेंस दिया जाता है।’’

उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में 2024 में 1.77 लाख सड़क दुर्घटना में मौतें हुईं।

भारती ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और पूरे देश में सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए अनुशासित ढंग से वाहन चलाने की आदतों को बढ़ावा देना और चालकों की कड़ी जांच करना अत्यंत आवश्यक है।

ये परीक्षण केंद्र कोयंबटूर (मध्य), तिरुवन्नामलाई, कृष्णागिरी, मदुरै (उत्तर), शिवगंगई, डिंडीगुल, तिरुचिरापल्ली (पश्चिम), तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन और मार्तंडम में बनाए गए। इससे दोपहिया और हल्के मोटर वाहनों के लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लोगों के लिए चीजें सुगम होंगी।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में