मारुति सुजुकी गुजरात के पांच आईटीआई में स्थापित करेगी उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं
मारुति सुजुकी गुजरात के पांच आईटीआई में स्थापित करेगी उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गुजरात के पांच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं स्थापित करेगी।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने सोमवार को बयान में कहा कि इसके लिए कंपनी ने गुजरात सरकार के रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशालय (डीईटी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी के अनुसार, ये उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं (एएमएल) पालनपुर, भावनगर, सुरेंद्रनगर, गोधरा और दाहोद के आईटीआई में स्थापित की जाएंगी।
एमएसआईएल के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (कॉरपोरेट मामलों) राहुल भारती ने कहा, ‘‘ उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाओं के माध्यम से हम छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण देंगे। इससे ऐसे पेशेवर तैयार होंगे जो विकसित हो रहे मोटर वाहन परिवेश में सहजता से काम कर सकें।’’
एमएसआईएल वर्तमान में देशभर में विनिर्माण से जुड़े 31 आईटीआई का सहयोग कर रही है।
कंपनी ने देशभर में 18 एएमएल स्थापित किए हैं और गुजरात में पांच नए एएमएल जुड़ने के बाद वह गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 23 एएमएल संचालित करेगी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


