एमसीएक्स ने ‘सिल्वर 100’ वायदा किया पेश, छोटे निवेशकों को मिलेगा निवेश का अवसर

एमसीएक्स ने ‘सिल्वर 100’ वायदा किया पेश, छोटे निवेशकों को मिलेगा निवेश का अवसर

एमसीएक्स ने ‘सिल्वर 100’ वायदा किया पेश, छोटे निवेशकों को मिलेगा निवेश का अवसर
Modified Date: June 1, 2026 / 11:59 am IST
Published Date: June 1, 2026 11:59 am IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) ने ‘सिल्वर 100’ वायदा अनुबंध सोमवार को शुरू किया। इससे खुदरा निवेशकों और छोटे सर्राफा कारोबारियों को 100 ग्राम जैसी कम मात्रा में चांदी में निवेश का अवसर मिलेगा।

यह नया अनुबंध एमसीएक्स के मौजूदा चांदी वायदा अनुबंधों (30 किलोग्राम, पांच किलोग्राम और एक किलोग्राम) तथा 30 किलोग्राम और पांच किलोग्राम के मासिक विकल्प अनुबंधों में जोड़ा गया है। इसकी ‘क्लीयरिंग’ और ‘सेटलमेंट’, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज क्लियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

एमसीएक्स की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रवीणा राय ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ सिल्वर 100 वायदा अनुबंध भारत के चांदी उद्योग से जुड़े व्यवसायों को कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाने में मदद करेगा।’’

उन्होंने कहा कि स्थानीय आभूषण व्यवसाय अब अपनी जरूरत के अनुसार छोटी मात्रा में ‘हेजिंग’ कर सकते हैं या आपूर्ति ले सकते हैं।

एमसीएक्स ने कहा कि यह छोटे एवं मझोले उद्यमों तथा खुदरा निवेशकों के लिए पूंजी की जरूरत को कम करने के उद्देश्य से और अनुबंध बाजार सहभागियों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।

एक्सचेंज ने साथ ही चांदी के लिए ‘गुड डिलीवरी’ मानकों में संशोधन को लेकर अलग परिपत्र भी जारी किया है। इसमें घरेलू रिफाइनरों को समिति में शामिल करने का आमंत्रण दिया गया है। इसका उद्देश्य चांदी के आयात पर निर्भरता कम करना और घरेलू पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में