नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी समर्थित पॉइंट-ऑफ-केयर डायग्नोस्टिक्स कंपनी मोलबायो डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 768-807 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
कंपनी का आईपीओ 10 अगस्त को खुलेगा।
कंपनी ने बुधवार को जारी सार्वजनिक सूचना में कहा कि आईपीओ के तहत शेयरों की बिक्री 12 अगस्त को बंद होगी, जबकि एंकर निवेशकों के लिए बोली सात अगस्त को खुलेगी।
मूल्य दायरे के निचले स्तर पर आईपीओ का आकार करीब 904 करोड़ रुपये और ऊपरी स्तर पर लगभग 940 करोड़ रुपये बैठता है।
गोवा स्थित कंपनी के आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 91.66 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।
ऊपरी मूल्य दायरे के आधार पर कंपनी का निर्गम के बाद बाजार पूंजीकरण लगभग 9,300 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
आईपीओ का 50 प्रतिशत हिस्सा पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी), 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों और 35 प्रतिशत खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है।
भाषा योगेश अजय
अजय