अगले महीने ‘जेप्टो’ सहित दर्जन से ज्यादा कंपनियां आईपीओ लाने की तैयारी में
अगले महीने ‘जेप्टो’ सहित दर्जन से ज्यादा कंपनियां आईपीओ लाने की तैयारी में
नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) अगले महीने यानी अगस्त में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बाजार में काफी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस दौरान जेप्टो, ट्रूहॉम फाइनेंस और लॉजिस्टिक मंच शिपरॉकेट सहित एक दर्जन से अधिक कंपनियां अपना आईपीओ लाने की तैयारी में हैं।
इन कंपनियों के आईपीओ से कुल मिलाकर 25,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाए जाने की उम्मीद है।
मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, आगामी आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल होगी।
इक्विरस कैपिटल के प्रबंध निदेशक और निवेश बैंकिंग प्रमुख भावेश शाह ने कहा कि बाजार में स्थिरता और निवेशकों की बेहतर धारणा के चलते वे कंपनियां भी अब आगे बढ़ रही हैं, जो पहले आईपीओ योजनाओं को टाल रही थीं।
सबसे बड़े प्रस्तावित आईपीओ में त्वरित वाणिज्य मंच जेप्टो का नाम प्रमुख है। कंपनी नए शेयर जारी कर 8,010 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा वह 11.34 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश भी लाएगी।
आवास वित्त कंपनी ट्रूहॉम फाइनेंस 3,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में है। इसमें 1,500 करोड़ रुपये का नया निर्गम और इतनी ही राशि का ओएफएस शामिल होगा।
वहीं, एलिवेट कैंपसेज 2,550 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पूरी तरह नए शेयर जारी करेगी। शिपरॉकेट ने 2,342.35 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए हैं, जिसमें 1,100 करोड़ रुपये का नया निर्गम और 1,242.35 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है।
अन्य कंपनियों में इनोवेटिवव्यू इंडिया 2,000 करोड़ रुपये तक और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड 1,553 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इनके अतिरिक्त धूत ट्रांसमिशन, एआरसीआईएल (एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी ऑफ इंडिया), अर्डी इंडस्ट्रीज, गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट, रेज ऑफ बिलीफ, हाई-टेक इंजीनियर्स, शंकेश ज्वेलर्स और लर्नफ्लूएंस एजुकेशन भी पूंजी बाजार में उतरने की योजना बना रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनियों की बढ़ती आईपीओ गतिविधियां निवेशकों के भरोसे और मजबूत मांग को दर्शाती हैं। इस साल अब तक 36 कंपनियां आईपीओ ला चुकी हैं, जिनमें नौ कंपनियों इसी महीने बाजार में सूचीबद्ध हुई हैं।
आने वाले दिनों में मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज और जूनिपर ग्रीन एनर्जी के आईपीओ क्रमशः 29 और 30 जुलाई को खुलने वाले हैं। इसके अलावा एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स भी अगले सप्ताह अपना आईपीओ लाने की तैयारी कर रही हैं।
भाषा अजय
अजय
अजय

Facebook


