पीएमएफएमई योजना के तहत दो लाख से अधिक सूक्ष्म उद्यमों को सब्सिडी आवंटित: चिराग पासवान

Ads

पीएमएफएमई योजना के तहत दो लाख से अधिक सूक्ष्म उद्यमों को सब्सिडी आवंटित: चिराग पासवान

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 07:44 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन’ (पीएमएफएमई) योजना के तहत अब तक दो लाख से अधिक सूक्ष्म उद्यमों को ऋण से जुड़ी सब्सिडी दी जा चुकी है जबकि प्रसंस्करण सुविधाएं स्थापित करने पर करीब 20,300 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

पासवान ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में शुरू की गई पीएमएफएमई योजना के तहत अब तक करीब 6,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि पीएमएफएमई योजना को इस साल सितंबर तक बढ़ा दिया गया है और इस क्षेत्र में अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए उपयुक्त बदलावों के साथ पीएमएफएमई 2.0 शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में योजना के तहत दो लाख से अधिक सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के लिए ऋण स्वीकृत किए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस योजना से 20,300 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को बढ़ावा मिला है और करीब 11 लाख प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

पासवान ने बताया कि योजना के करीब 90 प्रतिशत लाभार्थी पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं, जबकि 44 प्रतिशत लाभार्थी महिला उद्यमी हैं।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत दो लाख लाभार्थियों का आंकड़ा यह दर्शाता है कि योजना की परिकल्पना अब ठोस परिणामों में बदल रही है।

उन्होंने बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना का विस्तार अधिक लोगों तक करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और कृषि उपज की बर्बादी कम करने जैसी तीन बड़ी चुनौतियों का समाधान कर सकता है।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम