नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) ईरान के साथ अमेरिका एवं इजराइल के टकराव थमने की उम्मीदों के बीच देश के तेल-तिलहन बाजार में बुधवार को सरसों तेल-तिलहन, सोयाबीन तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन जैसे तेल-तिलहनों के दाम में गिरावट देखी गई जबकि मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल तथा बिनौला तेल के दाम स्थिर बने रहे।
मलेशिया और शिकागो एक्सचेंज में गिरावट जारी है। बुधवार रात शिकॉगो एक्सचेंज मजबूत बंद हुआ था।
बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों से युद्ध थमने की उम्मीद के बीच खाद्य तेल आपूर्ति में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है। इस उम्मीद का असर खाद्यतेल-तिलहनों पर भी देखा गया और कीमतों में गिरावट देखी गई।
उन्होंने कहा कि सरसों के मामले में देखें तो किसान नीचे दाम पर इसे बेचने को कहीं से तैयार नहीं दीखते और दाम तोड़े जाने की तमाम कोशिशों के बावजूद किसान रोक-रोक कर मंडियों में माल ला रहे हैं।
सरसों की बड़ी तेल मिलों ने इसके खरीद के दाम में 50-100 रुपये क्विंटल की कमी की है जो सरसों तेल-तिलहन में गिरावट आने का मुख्य कारण है। वैसे बाकी अन्य ‘सॉफ्ट आयल’ (नरम खाद्यतेलों) में सबसे सस्ता होने की वजह से सरसों की निरंतर मांग बनी हुई है। सूरजमुखी, सोयाबीन जैसे खाद्यतेलों से सरसों तेल का दाम 15-20 रुपये लीटर सस्ता है। इस वक्त, सरकार को सरसों का स्टॉक बनाकर रखना मुश्किल वक्त के लिए बेहतर साबित हो सकता है।
सूत्रों ने कहा कि सोयाबीन के बड़े संयंत्रों ने सोयाबीन का खरीद दाम 50-70 रुपये क्विंटल घटाया है जिसकी वजह से सोयाबीन तिलहन में भी गिरावट देखी गई। वहीं, कम आयात की वजह से आपूर्ति की कमी और शादी विवाह के मौसम की मांग के बीच सोयाबीन तेल के दाम स्थिर बने रहे।
उन्होंने कहा कि मलेशिया एक्सचेंज में गिरावट की वजह से सीपीओ और पामोलीन तेल कीमतों में भी गिरावट रही।
सूत्रों ने कहा कि मंहगा होने के कारण कामकाज सुस्त रहने से मूंगफली तेल-तिलहन स्थिर रहे। सूरजमुखी और मूंगफली तेल से सस्ता होने तथा मांग बढ़ने के बीच आवक कम रहने के कारण बिनौला तेल के दाम में भी स्थिरता बनी रही।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 7,025-7,050 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 7,250-7,725 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,550 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,770-3,070 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,950 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,465-2,565 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,465-2,610 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 16,750 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 16,150 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 13,400 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,600 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,300 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,550 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,500 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,725-5,775 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,400-5,475 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण