नायडू ने वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनियों को आंध्र प्रदेश में निवेश का दिया निमंत्रण
नायडू ने वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनियों को आंध्र प्रदेश में निवेश का दिया निमंत्रण
अमरावती, 16 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनियों को राज्य में निवेश के अवसर तलाशने का निमंत्रण दिया और आंध्र प्रदेश को भारत के सबसे निवेश-अनुकूल गंतव्यों में से एक बताया।
सिंगापुर में ‘सेमिकॉन इकोसिस्टम राउंडटेबल’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि निवेश और औद्योगिक विकास को सुगम बनाने के लिए आंध्र प्रदेश ‘‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’’ दृष्टिकोण अपनाता है।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नायडू ने कहा, ‘‘ यह निवेशकों के लिए आंध्र प्रदेश में अवसरों का पता लगाने का सही समय है। मैं उद्योगपतियों को अगले 30 दिनों के भीतर राज्य की यात्रा करने और उपलब्ध नीतियों तथा अवसरों का आकलन करने के लिए आमंत्रित करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए सबसे सुरक्षित गंतव्यों में से एक है। आंध्र प्रदेश निवेशक-अनुकूल नीतियों और त्वरित मंजूरी प्रक्रिया के जरिये उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करता है।
राज्य में सेमीकंडक्टर विनिर्माण की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रायलसीमा क्षेत्र में जल्द ही एक सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायलसीमा में रक्षा, वैमानिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, लड़ाकू विमान विनिर्माण और मोटर वाहन उत्पादन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण अवसर मौजूद हैं।
गोलमेज बैठक में सिंगापुर स्थित कई सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आंध्र प्रदेश में सहयोग तथा निवेश के अवसरों पर चर्चा की।
प्रतिभागियों में ग्लोबलफाउंड्रीज, एनएक्सपी, एएसएमपीटी, वन सिस्टम टेक्नोलॉजीज, टेकसेंड फोटोमास्क और एक्वाटेक के प्रतिनिधि शामिल थे।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चर्चा का केंद्र सेमीकंडक्टर परिवेश को मजबूत करने और आंध्र प्रदेश में विनिर्माण तथा संबंधित क्षेत्रों में निवेश के अवसरों की तलाश पर रहा।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिंगापुर में ‘सीबीएन@361 डिग्रीज – पॉलिमैथ’ शीर्षक पुस्तक का विमोचन किया। इसमें एक लोक प्रशासक के रूप में उनकी नेतृत्व शैली और निर्णय लेने की प्रक्रिया का विश्लेषण किया गया है।
नायडू ने सिंगापुर में एक स्थानीय तेलुगु संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में औपचारिक रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


