देश की पहली एकीकृत एनडीएफईबी विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी एनएएन ग्रीनमेट

Ads

देश की पहली एकीकृत एनडीएफईबी विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी एनएएन ग्रीनमेट

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 02:01 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 02:01 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) क्रिटिकल मिनरल्स एवं उन्नत विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी एनएएन ग्रीनमेट ने देश की पहली पूर्णतः एकीकृत उच्च किस्म के नियोडिमियम-आयरन-बोरॉन (एनडीएफईबी) और दुर्लभ खनिज विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा बृहस्पतिवार को की। इस परियोजना में शुरुआती तौर पर लगभग 1,250 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

कंपनी ने बयान में कहा कि यह संयंत्र आंध्र प्रदेश के नायडुपेटा औद्योगिक पार्क में स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है और राज्य सरकार से प्रोत्साहन भी प्राप्त हुए हैं।

बयान के अनुसार, ‘‘परियोजना के पहले चरण में लगभग 1,250 करोड़ रुपये का निवेश कर प्रतिवर्ष 1,200 टन की शुरुआती बिक्री योग्य उत्पादन क्षमता स्थापित की जाएगी। बाद में इसे बढ़ाकर कुल 10,000 टन प्रतिवर्ष किया जाएगा।’’

कंपनी ने कहा कि इस परियोजना से सालाना 1,200-1,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है। 2028 की पहली तिमाही में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह संयंत्र जापान की अग्रणी प्रौद्योगिकी साझेदार कंपनियों तथा एनडीएफईबी चुंबक के आविष्कारक मासातो सागावा के सहयोग से विकसित किया जा रहा है।

भाषा निहारिका

निहारिका