मुंबई, 20 मई (भाषा) हवाईअड्डा शुल्क नियामक एईआरए ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के लिए उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) तय कर दिए हैं। हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले घरेलू यात्रियों को 620 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 1,225 रुपये चुकाने होंगे।
भारतीय विमानपत्तन आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) ने बुधवार को 2025-30 की पहली नियंत्रण अवधि के लिए शुल्क आदेश जारी किया। यह शुल्क एक जून, 2026 से 31 मार्च, 2027 तक लागू रहेगा और इसके बाद हर साल इसमें वृद्धि होगी।
प्राधिकरण ने कहा कि हवाई अड्डे पर उतरने वाले घरेलू यात्रियों के लिए यूडीएफ 270 रुपये तय किया गया है जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के मामले में यह 525 रुपये रखा गया है।
नियामक ने एक बयान में कहा कि उसने हवाई अड्डा संचालक की तरफ से प्रस्तावित शुल्क की तुलना में कम दरें तय की हैं। घरेलू प्रस्थान यात्रियों के लिए प्रस्तावित 742 रुपये के मुकाबले 620 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,467 रुपये के मुकाबले 1,225 रुपये तय किए गए हैं।
एईआरए ने कहा कि 2029-30 तक घरेलू प्रस्थान यात्रियों के लिए यूडीएफ बढ़कर 738 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,459 रुपये तक पहुंच जाएगा।
इसके अलावा, अगले साल मार्च तक घरेलू उड़ानों के लिए विमान लैंडिंग शुल्क 1,400 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 1,850 रुपये तय किया गया है, जो 2029-30 तक बढ़कर क्रमश: 1,667 रुपये और 2,203 रुपये हो जाएगा।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड करती है जो अदाणी समूह और सरकारी कंपनी सिडको का संयुक्त उपक्रम है। इस हवाई अड्डे का उद्घाटन आठ अक्टूबर, 2025 को हुआ था और यहां पर 25 दिसंबर, 2025 से वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो गया था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय