एनबीसीसी ने दक्षिण दिल्ली में 5,779 करोड़ रुपये में 14 लाख वर्ग फुट वाणिज्यिक स्थान बेचा

एनबीसीसी ने दक्षिण दिल्ली में 5,779 करोड़ रुपये में 14 लाख वर्ग फुट वाणिज्यिक स्थान बेचा

एनबीसीसी ने दक्षिण दिल्ली में 5,779 करोड़ रुपये में 14 लाख वर्ग फुट वाणिज्यिक स्थान बेचा
Modified Date: April 17, 2026 / 05:47 pm IST
Published Date: April 17, 2026 5:47 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने सरकार की ओर से दक्षिण दिल्ली में 14 लाख वर्ग फुट वाणिज्यिक स्थान 5,779 करोड़ रुपये में बेचा है।

एनबीसीसी ने शेयर बाजार को बताया कि उसने ”नयी दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित भारत बिजनेस पार्क में लगभग 14 लाख वर्ग फुट के वाणिज्यिक निर्मित क्षेत्र को ई-नीलामी के जरिये लगभग 5,779 करोड़ रुपये के कुल बिक्री मूल्य पर सफलतापूर्वक बेचा है।”

एनबीसीसी को बिक्री मूल्य का एक प्रतिशत विपणन शुल्क मिलेगा।

एनबीसीसी सरकार की ओर से दक्षिण दिल्ली में वाणिज्यिक स्थान विकसित करने और बेचने का काम करती रही है। इस धन का उपयोग आवासीय कॉलोनियों के पुनर्विकास के लिए किया जाता है।

एनबीसीसी लिमिटेड ने बाद में एक बयान में कहा कि ई-नीलामी में आठ टावरों में फैले 23.44 लाख वर्ग फुट के निर्मित क्षेत्र की पेशकश की गई थी। इस नीलामी में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बहुराष्ट्रीय कंपनियों, कॉरपोरेट और संस्थागत खरीदारों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली।

बयान में आगे कहा गया, ”नीलामी से लगभग 5,779 करोड़ रुपये का कुल बिक्री मूल्य मिला, जो पांच टावरों में नीलाम किए गए लगभग 14 लाख वर्ग फुट के निर्मित क्षेत्र के लिए उच्चतम बोली दरों पर आधारित है।”

ई-नीलामी में औसत बिक्री दर 41,207 रुपये प्रति वर्ग फुट दर्ज की गई, जो आरक्षित मूल्य से पांच प्रतिशत अधिक है।

एनबीसीसी ने कहा, ”इस ई-नीलामी के जरिये मिले धन का उपयोग विभिन्न चल रहे पुनर्विकास कार्यों के वित्तपोषण, परियोजनाओं को समय से पूरा करने और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत वित्तीय दायित्वों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में