एनसीएलटी ने न्यायिक रिकॉर्ड, प्रमाणित प्रतियों तक तेज पहुंच के लिए ई-सेवाएं शुरू कीं

एनसीएलटी ने न्यायिक रिकॉर्ड, प्रमाणित प्रतियों तक तेज पहुंच के लिए ई-सेवाएं शुरू कीं

एनसीएलटी ने न्यायिक रिकॉर्ड, प्रमाणित प्रतियों तक तेज पहुंच के लिए ई-सेवाएं शुरू कीं
Modified Date: August 12, 2026 / 08:32 pm IST
Published Date: August 12, 2026 8:32 pm IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने बुधवार को ई-निरीक्षण और ई-प्रमाणित प्रति सेवाएं शुरू कीं, जिससे संबंधित पक्षों को न्यायिक रिकॉर्ड और प्रमाणित प्रतियों तक तेजी से पहुंच मिल सकेगी।

एनसीएलटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अनूपिंदर सिंह ग्रेवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन सेवाओं की शुरुआत की।

ग्रेवाल ने कहा कि इन दोनों सेवाओं का उद्देश्य वकीलों, वादियों और अन्य संबंधित पक्षों को न्यायिक रिकॉर्ड और प्रमाणित प्रतियों तक सुविधाजनक तथा तेजी से पहुंच उपलब्ध कराना है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ये सेवाएं न्यायाधिकरण के व्यापक डिजिटल बदलाव का हिस्सा हैं।

बयान में कहा गया कि न्यायाधिकरण ने विभिन्न पीठों में लंबित मामलों की निगरानी के लिए आंकड़ा आधारित व्यवस्था अपनाई है। इसके आधार पर काम का पुनर्वितरण किया गया, विशेष पीठों का गठन किया गया और उपलब्ध अदालती समय का अधिकतम उपयोग करने के प्रयास किए गए।

कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘इन उपायों से अप्रैल-जून, 2026 के दौरान 78 समाधान योजनाओं को मंजूरी देने में मदद मिली। यह दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता लागू होने के बाद पहली तिमाही का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। इन योजनाओं में करीब 5,517.66 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में