गुवाहाटी, पांच जुलाई (भाषा) नॉर्थ ईस्ट डेयरी एंड फूड्स लिमिटेड (एनईडीएफएल) ने असम में कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और सुजुकी आरएंडडी सेंटर इंडिया (एसआरडीआई) के साथ साझेदारी की है।
एनईडीएफएल ने रविवार को बयान में कहा कि तीनों संगठनों ने राज्य में सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौते के तहत एनडीडीबी परियोजना को तकनीकी और संस्थागत सहयोग प्रदान करेगा, जबकि एनईडीएफएल परियोजना के क्रियान्वयन, प्रस्तावित सीबीजी संयंत्र के संचालन तथा उत्पादित कंप्रेस्ड बायोगैस और जैविक उर्वरकों के विपणन एवं बिक्री की जिम्मेदारी निभाएगा।
सुजुकी आरएंडडी सेंटर इंडिया इस परियोजना में निवेश करेगी तथा ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी से जुड़े कार्बन क्रेडिट और अन्य लाभ प्राप्त करेगी।
बयान में कहा गया है कि इस परियोजना का उद्देश्य कृषि और डेयरी कचरे को कंप्रेस्ड बायोगैस (एक स्वच्छ और नवीकरणीय ईंधन) तथा जैविक उर्वरक में बदलना है।
कंप्रेस्ड बायोगैस का उपयोग वाहनों और औद्योगिक अनुप्रयोगों में पारंपरिक जीवाश्म ईंधन के विकल्प के रूप में किया जा सकता है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
एनडीडीबी के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर, विशेषकर असम, अपनी लगभग प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के लिए जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य को सतत जैविक कृषि की दिशा में आगे ले जाएगी तथा डेयरी से आय में वृद्धि के साथ-साथ संसाधनों के अनुकूलतम उपयोग वाली अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी।
एनईडीएफएल के प्रबंध निदेशक एसबी बोस ने कहा कि पुरबी ब्रांड के तहत काम करने वाली यह कंपनी इस परियोजना को स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा योगेश रमण
रमण