मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र के साथ टाटा समूह के गहरे जुड़ाव का हवाला देते हुए मंगलवार को इसकी सामाजिक प्रतिबद्धता और संस्थागत भूमिका को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इसके परोपकारी स्वामित्व की रक्षा की जानी चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नेतृत्व से जुड़े मौजूदा मसले को उचित प्रक्रिया, बातचीत और कंपनी की नियमावली के जरिए सुलझाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ट्रस्ट-आधारित विरासत की रक्षा करना समय की मांग है और भारत के विकास में इसके योगदान को बनाए रखने के लिए यह बेहद आवश्यक है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा समूह की विरासत इस विश्वास में निहित है कि व्यवसाय को समाज की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थापित प्रशासनिक ढांचे के तहत टाटा ट्रस्ट्स की संस्थागत भूमिका और अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि 17 सितंबर को टाटा संस के निदेशकों ने एन चंद्रशेखरन को अगले पांच वर्षों के लिए कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने के पक्ष में मतदान किया था, लेकिन समूह के बहुलांश शेयरधारक टाटा ट्रस्ट्स ने कुछ ही घंटों के भीतर इस मतदान को अमान्य घोषित कर दिया। चार निदेशकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था, जबकि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने इसके विरोध में मतदान किया था।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय