नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) सरकार का शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह चालू वित्त वर्ष में 17 सितंबर तक 13 प्रतिशत बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। अग्रिम कर संग्रह में वृद्धि से प्रत्यक्ष कर संग्रह बढ़ा है। सीबीडीटी के शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
कॉरपोरेट कर संग्रह 19.48 प्रतिशत बढ़कर करीब 5.56 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि गैर-कॉरपोरेट कर (व्यक्तिगत और हिंदू अविभाजित परिवार) का संग्रह छह प्रतिशत बढ़कर 6.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। एक अप्रैल से 17 सितंबर के बीच प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) संग्रह 53 प्रतिशत बढ़कर 40,214 करोड़ रुपये हो गया।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के आंकड़ों के अनुसार, 17 सितंबर तक कर ‘रिफंड’ 29.19 प्रतिशत बढ़कर 2.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।
सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 15 प्रतिशत बढ़कर 14.32 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।
आंकड़ों के अनुसार 17 सितंबर तक अग्रिम कर संग्रह 16.18 प्रतिशत बढ़कर करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें अग्रिम कॉरपोरेट कर भुगतान 18 प्रतिशत बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक और गैर-कॉरपोरेट अग्रिम कर भुगतान 9.24 प्रतिशत बढ़कर 1.06 लाख करोड़ रुपये रहा।
भाषा निहारिका रमण
रमण