एआई की बढ़ती डेटा जरूरतों के लिए नेटऐप ने नया स्टोरेज ढांचा ‘नोवस’ पेश किया
एआई की बढ़ती डेटा जरूरतों के लिए नेटऐप ने नया स्टोरेज ढांचा 'नोवस' पेश किया
(कुमार दीपांकर)
लास वेगास, 30 सितंबर (भाषा) डेटा अवसंरचना क्षेत्र की कंपनी नेटऐप ने बड़े पैमाने के कृत्रिम मेधा (एआई) केंद्रों और जीपीयू अवसंरचना के लिए नया स्टोरेज ढांचा ‘नोवस’ पेश किया है। यह ढांचा एआई प्रणालियों को बहुत बड़ी मात्रा में डेटा तेजी से उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
नेटऐप ने कहा कि नोवस जेटाबाइट स्तर के फाइल सिस्टम और 100 टेराबाइट प्रति सेकंड से अधिक की क्षमता को संभालने के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य बड़ी संख्या में ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) को लगातार जरूरी डेटा उपलब्ध कराना है, ताकि स्टोरेज की कमी के कारण जीपीयू की क्षमता बेकार न जाए।
कंपनी ने कहा कि एआई केंद्रों और जीपीयू-एज-ए-सर्विस प्रदाताओं के तेजी से विस्तार के साथ पारंपरिक स्टोरेज ढांचे में डेटा की आपूर्ति एक बाधा बन सकती है।
नेटऐप के मुख्य उत्पाद अधिकारी श्याम नायर ने कहा, ‘‘अगर स्टोरेज सिस्टम जरूरी गति से डेटा उपलब्ध नहीं करा पाते हैं तो जीपीयू का इस्तेमाल प्रभावित हो सकता है।’’
नेटऐप के मुताबिक, नोवस में स्टोरेज क्षमता, डेटा की गति और फाइल से जुड़ी सूचनाओं को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग बढ़ाया जा सकता है। इससे अरबों फाइल और बड़े एआई डेटासेट को अलग-अलग स्टोरेज सिस्टम बनाए बिना भी संभाला जा सकेगा।
कंपनी ने अपने एआई डेटा इंजन (एआईडीई) का विस्तार करने की भी घोषणा की है। इसके जरिये कंपनियां अपने मौजूदा डेटा की अतिरिक्त प्रतियां बनाए बिना उसे खोज और समझ सकेंगी तथा एआई अनुप्रयोगों के लिए तैयार कर सकेंगी। यह सुविधा एनएफएस, एसएमबी और एस3 जैसे डेटा भंडारण माध्यमों पर उपलब्ध डेटा के लिए है।
नेटऐप ने डेटा सुरक्षा कंपनी कॉमवॉल्ट के साथ एकीकरण बढ़ाने की भी घोषणा की। इसके तहत रैनसमवेयर की पहचान और डेटा की बहाली से जुड़ी क्षमताओं को जोड़ा जाएगा, जिससे एआई से जुड़े डेटा को साइबर हमले की स्थिति में तेजी से सुरक्षित और बहाल करने में मदद मिल सकेगी।
कंपनी ने हाइब्रिड मल्टी-क्लाउड के लिए भी नई क्षमताएं घोषित की हैं। इनके जरिये डेटा सेंटर, सार्वजनिक क्लाउड और अन्य वातावरण में स्टोरेज के संचालन और प्रबंधन को एकसमान बनाने का प्रयास किया गया है। इनमें यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र के पात्र ग्राहकों के लिए ‘नेटऐप कीस्टोन सॉवरेन’ और नेटऐप कंसोल की विस्तारित क्षमताएं शामिल हैं।
नेटऐप ने न्यूटेनिक्स के साथ अपनी साझेदारी बढ़ाने की भी मंशा जताई है। इसके तहत नेटऐप के ओएनटीएपी को न्यूटेनिक्स क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ एकीकृत किया जाएगा। यह सुविधा इस शरद ऋतु में आम तौर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, नेटऐप और एसएपी अपने स्टोरेज उत्पादों को एसएपी क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ जोड़ने की संभावनाएं तलाशेंगे। दोनों कंपनियां नेटऐप की फाइल और ब्लॉक स्टोरेज क्षमताओं के एकीकरण के साथ-साथ ऑब्जेक्ट स्टोरेज के इस्तेमाल की तकनीकी जांच भी करेंगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


