विजयवाड़ा, 29 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि अगले 20 साल भारत के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इसके साथ ही उन्होंने देश की व्यवस्थाओं और संस्थानों में क्रांतिकारी सुधारों का आह्वान किया।
विजयवाड़ा में ‘मिशन कर्मयोगी’ की दक्षिणी क्षेत्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां देश के युवाओं और नागरिकों के लिए बड़े अवसर पैदा करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भारत के विकास के लिए अगले 20 साल बेहद अहम हैं, जिसके लिए हमारी व्यवस्थाओं और संस्थानों में क्रांतिकारी सुधारों की आवश्यकता है।’’
सरकारी कर्मचारियों की क्षमता निर्माण और उनके प्रशासनिक कौशल को बढ़ाने के लिए आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद नायडू ने क्षमता निर्माण के उदाहरण के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक चाय विक्रेता से देश के शीर्ष निर्वाचित पद तक पहुंचने की यात्रा का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में उपलब्ध अपार अवसरों का लाभ उठाने में लोगों को सक्षम बनाने की महत्वाकांक्षा के साथ ‘आईजीओटी – मिशन कर्मयोगी’ की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) के माध्यम से ‘आईजीओटी – मिशन कर्मयोगी’ के तहत क्षमताओं को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण उपलब्ध है और राज्य स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भाषा अजय पाण्डेय
अजय