नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) वाहन कंपनी निसान मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री अगस्त महीने में सालाना आधार पर 147 प्रतिशत बढ़कर 3,426 इकाई हो गई। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने मासिक बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि अगस्त में उसकी कुल थोक बिक्री 9,350 इकाई रही। इस दौरान घरेलू बाजार में बिक्री साल भर पहले के 1,384 वाहन से 147 प्रतिशत बढ़कर 3,426 इकाई हो गई।
कंपनी ने अगस्त में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 5,924 वाहन का निर्यात भी किया। यह एक साल पहले की समान अवधि के 8,157 वाहन से 27.4 प्रतिशत कम है।
बयान के मुताबिक, घरेलू बिक्री में आई तेजी के पीछे ‘मैग्नाइट’ एवं ‘ग्रेवाइट’ मॉडल की मांग बरकरार रहने और नए एसयूवी मॉडल ‘टेक्टॉन’ को मिली प्रतिक्रिया की अहम भूमिका रही।
निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने कहा कि टेक्टॉन मॉडल को मिली प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है और इससे अगस्त में घरेलू थोक बिक्री को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित वाहनों का निर्यात कंपनी के वैश्विक नेटवर्क में भारतीय परिचालन के रणनीतिक महत्व को दर्शाता है।
कंपनी ने निसान की ‘वन कार, वन वर्ल्ड’ रणनीति के तहत टेक्टॉन मॉडल का दक्षिण अफ्रीका, भूटान और नेपाल को निर्यात भी शुरू किया है। इन बाजारों के लिए 1,300 से अधिक वाहन की पहली खेप भेजी गई है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय