एनआरआई जमा पहली तिमाही में 23.2 प्रतिशत घटकर 2.77 अरब डॉलर : आरबीआई
एनआरआई जमा पहली तिमाही में 23.2 प्रतिशत घटकर 2.77 अरब डॉलर : आरबीआई
मुंबई, 26 अगस्त (भाषा) प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) की जमा राशि वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में सालाना आधार पर 23.2 प्रतिशत घटकर 2.77 अरब डॉलर रह गई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
एनआरआई जमा वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 3.61 अरब डॉलर थी।
हालांकि नई जमा राशि में कमी आई है, लेकिन जून, 2026 के अंत में कुल बकाया एनआरआई जमा राशि बढ़कर 168.50 अरब डॉलर हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 168.32 अरब डॉलर थी। इसमें एनआरओ और एफसीएनआर(बी) जमा की प्रमुख भूमिका रही।
आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) यानी एफसीएनआर(बी) जमा में प्रवाह दोगुने से अधिक बढ़कर 1.73 अरब डॉलर हो गया।
आरबीआई ने विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ाने और देश की बाह्य स्थिति मजबूत करने के लिए जून में हुई मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक में विशेष एफसीएनआर(बी) सुविधा शुरू की थी। इसके तहत मुद्रा जोखिम से बचाव यानी करेंसी हेजिंग की लागत भी केंद्रीय बैंक ने वहन करने का प्रावधान किया था।
हालांकि, केंद्रीय बैंक ने 14 अगस्त को फैसला किया कि विशेष अदला-बदली सुविधा के तहत नई एफसीएनआर (बी) जमा 31 अगस्त को बंद कर दी जाएगी। पहले यह समय सीमा 30 सितंबर थी।
भाषा यासिर योगेश अजय
अजय

Facebook


