एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आईपीओ को पहले दिन 43 प्रतिशत अभिदान
एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आईपीओ को पहले दिन 43 प्रतिशत अभिदान
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को पहले दिन 43 प्रतिशत बोलियां मिलीं।
यह निर्गम 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, एनएसई के आईपीओ में 8.86 करोड़ शेयर की पेशकश के मुकाबले 3.83 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 72 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से में 44 प्रतिशत अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 19 प्रतिशत बोलियां प्राप्त हुई।
एनएसई ने बुधवार को बड़े (एंकर) निवेशकों से 6,746 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), गोल्डमैन सैक्स और फिडेलिटी शामिल हैं।
इसके अलावा, सॉवरेन वेल्थ फंड जीआईसी सिंगापुर, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (एडीआईए) और नॉर्गेस बैंक के साथ ईस्टस्प्रिंग और एचएसबीसी ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट ने भी बड़े निवेशकों की बोली में हिस्सा लिया।
आईपीओ में मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 12.64 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
एनएसई ने आईपीओ के लिए 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। कीमत दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 4.42 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
यह निर्गम 21 सितंबर को बंद होगा।
एनएसई का शेयर 24 सितंबर को बाजार में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


