नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) का शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के दूसरे दिन शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई में एनएसई का शेयर 1,792.65 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 1.39 प्रतिशत कम है। हालांकि, कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई और शेयर 0.66 प्रतिशत चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 1,830 रुपये तक पहुंच गया। बाद में इसमें गिरावट आई और यह 1.54 प्रतिशत टूटकर 1,790 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया।
एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4.43 लाख करोड़ रुपये रहा और वह बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष 100 कंपनियों की सूची में 12वें स्थान पर रहा।
एनएसई का शेयर बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के पहले दिन करीब दो प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था और कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4.49 लाख करोड़ रुपये रहा था। इसके साथ ही एनएसई बाजार पूंजीकरण के आधार पर दुनिया के शीर्ष सात शेयर बाजार में शामिल हो गया था।
बीएसई में एनएसई का शेयर बृहस्पतिवार को 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था, जो 1,785 रुपये के निर्गम मूल्य से 0.84 प्रतिशत अधिक रहा और 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,818 रुपये पर बंद हुआ था।
देश के दूसरे सबसे बड़े आईपीओ के रूप में एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन करीब छह गुना अभिदान मिला था। संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग से आईपीओ को अच्छा समर्थन मिला।
यह पेशकश 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है। एनएसई के आईपीओ ने 2022 में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 21,000 करोड़ रुपये के आईपीओ को पीछे छोड़ दिया।
एनएसई के आईपीओ को 22,568 करोड़ रुपये के निर्गम आकार के मुकाबले करीब 90,300 करोड़ रुपये की बोलियां मिली थीं।
आईपीओ के लिए प्रति शेयर 1,700 से 1,785 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया था।
भाषा यासिर रमण
रमण