पश्चिम एशिया संघर्ष: प्रधानमंत्री मोदी ने सीसीएस की अध्यक्षता की

Ads

पश्चिम एशिया संघर्ष: प्रधानमंत्री मोदी ने सीसीएस की अध्यक्षता की

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 11:08 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 11:08 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुरक्षा मामलों पर मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की एक विशेष बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई और आम लोगों की महत्वपूर्ण जरूरतों की उपलब्धता का आकलन किया गया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान के अनुसार, बैठक में मोदी ने संघर्ष के प्रभाव से नागरिकों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया।

यह बैठक मंत्रालयों और विभागों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा करने और पश्चिम एशिया संघर्ष के संदर्भ में आगे की पहल पर चर्चा करने के लिए आयोजित की गई।

इस मुद्दे पर सीसीएस की यह दूसरी विशेष बैठक थी।

प्रधानमंत्री ने उर्वरकों की स्थिति और खरीफ एवं रबी मौसम में उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। उन्होंने गलत सूचना और अफवाहों को रोकने के लिए जनता तक प्रामाणिक जानकारी का सुचारु प्रवाह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में आवश्यक वस्तुओं की स्थिर कीमतों को सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों और जमाखोरी एवं कालाबाजारी के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।

भाषा आशीष अमित

अमित