लखनऊ, एक अप्रैल (भाषा) लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट की हार के बाद स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाजों ने पर्याप्त रन नहीं बनाए।
सुपर जाइंट्स के 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतरे समीर रिजवी की 47 गेंद में चार छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 70 रन की पारी और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 39, 32 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 110 रन की अटूट साझेदारी से 26 रन पर चार विकेट गंवाने के बावजूद 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सुपर जाइंटस की टीम इससे पहले तेज गेंदबाजों लुंगी एनगिडी (27 रन पर तीन विकेट) और टी नटराजन (29 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव (31 रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट हासिल किए।
पंत ने मैच के बाद कहा, ‘‘बल्लेबाजी में हम बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए। योजना यह थी कि (निकोलस) पूरन पांचवें नंबर पर आकर बीच के ओवरों में जिम्मेदारी संभालें। हमें एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो ‘इंपेक्ट प्लेयर’ के तौर पर कुछ रन जोड़ सके क्योंकि एक अच्छी पिच पर हमारे पास काफी रन नहीं थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने आयुष बडोनी के लिए एक खास भूमिका तय की थी कि जब हमारे शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाएं तो वह उस समय छाप छोड़ सकें। नई गेंद से काफी मदद मिल रही थी लेकिन आप 140 रन (141 रन) बनाकर विपक्षी टीम पर दबाव नहीं डाल सकते। हमें 20 अतिरिक्त रन भी भारी पड़े।’’
इस मैच में पारी का आगाज करने वाले पंत से जब यह पूछा गया कि क्या वह आगामी मुकाबलों में भी सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह 50-50 प्रतिशत वाला फैसला था लेकिन यकीनन आप मुझे शीर्ष क्रम में खेलते हुए देखेंगे।’’
पंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए थे और उन्होंने इस पर कहा, ‘‘मेरे आउट होने से उबरने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि मैं इसे नजरअंदाजं करूं क्योंकि मैं इसे नियंत्रित नहीं कर सकता।’’
भाषा सुधीर
सुधीर