ओडिशा के मुख्यमंत्री नौ सितंबर से तीन दिन की यूएई यात्रा पर, निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य

ओडिशा के मुख्यमंत्री नौ सितंबर से तीन दिन की यूएई यात्रा पर, निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य

ओडिशा के मुख्यमंत्री नौ सितंबर से तीन दिन की यूएई यात्रा पर, निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य
Modified Date: September 7, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: September 7, 2026 6:50 pm IST

भुवनेश्वर, सात सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी नौ से 11 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन दिन के निवेश संपर्क अभियान पर रहेंगे।

माझी ने सोमवार को कहा कि ओडिशा का जोर वैश्विक पूंजी आकर्षित करने, निर्यात केंद्रित उद्योगों को मजबूत करने तथा राज्य और यूएई के बीच नए निवेश के साथ कारोबारी साझेदारी विकसित करने पर है।

अबू धाबी और दुबई में होने वाले इस अभियान में यूएई के निवेशकों, प्रमुख कोष प्रबंधकों, वित्तीय संस्थानों, उद्योग जगत के लोगों, भारतीय कारोबारी पेशेवरों और कारोबारी संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है।

माझी ने कहा, राज्य के पास मजबूत औद्योगिक आधार और निर्यात केंद्रित तथा मूल्यवर्धित विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनने की अपार क्षमता है। यूएई के इस अभियान के जरिये हम ओडिशा को वैश्विक पूंजी, प्रौद्योगिकी, बाजारों और रणनीतिक साझेदारों से जोड़ना चाहते हैं।

’ राज्य के उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन ने कहा, ‘धातुकर्म, धातु और उससे जुड़े उद्योगों से लेकर बंदरगाह, लॉजिस्टिक, खाद्य एवं समुद्री खाद्य निर्यात, दुर्लभ खनिज, जहाज निर्माण, रसायन और पेट्रोरसायन क्षेत्र तक हम निवेश के व्यापक अवसर पेश कर रहे हैं।’

भारत के पूर्वी तट पर रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाते हुए ओडिशा अपने बंदरगाहों और उनसे जुड़े औद्योगिक बुनियादी ढांचे को औद्योगिक वृद्धि के अगले चरण का प्रमुख आधार बनाने पर जोर दे रहा है।

भाषा अजय योगेश

योगेश


लेखक के बारे में