सीतारमण ने आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक से मुलाकात की, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा
सीतारमण ने आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक से मुलाकात की, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा
नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के उप प्रबंध निदेशक निगेल क्लार्क से मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ भारतीय और वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के परिदृश्य पर चर्चा की।
बैठक के दौरान सीतारमण और क्लार्क ने भारत-आईएमएफ संबंधों पर चर्चा की और दक्षिण एशिया क्षेत्रीय प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता केंद्र (एसएआरटीटीएसी) को समर्थन देने में भारत की भूमिका की सराहना की।
दोनों पक्षों ने वृहद आर्थिक सहयोग को मजबूत करने, बेहतर आर्थिक नीतियों को समर्थन देने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक आर्थिक मजबूती बढ़ाने में भारत-आईएमएफ के निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने भारत की उभरती आर्थिक वृद्धि की दिशा और वैश्विक आर्थिक परिवेश में जारी बदलावों के प्रभाव पर भी चर्चा की। इसमें भारत की व्यापार नीति और वैश्विक व्यापार प्रणाली में हो रही गतिवधियां शामिल थीं।
बैठक में हाल में संपन्न द्विपक्षीय व्यापार समझौतों और उनके भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
क्लार्क ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत के आर्थिक प्रदर्शन, मजबूती और लगातार वृद्धि के रिकॉर्ड की सराहना की।
उन्होंने राजकोषीय मजबूती की दिशा में सरकार के प्रयासों तथा पश्चिम एशिया संकट के बाद अर्थव्यवस्था को समर्थन देने के लिए उठाए गए कदमों की भी सराहना की।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


