नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) ओरिएंट सीमेंट लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 62.4 प्रतिशत घटकर 77 करोड़ रुपये रह गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 205 करोड़ रुपये था।
अदाणी समूह की अंबुजा सीमेंट्स की अनुषंगी कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 30.25 प्रतिशत घटकर 604 करोड़ रुपये रह गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 866 करोड़ रुपये थी।
ओरिएंट सीमेंट का कुल खर्च भी 30.11 प्रतिशत घटकर 506 करोड़ रुपये रह गया जबकि पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 724 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी एक अलग सूचना में बताया कि उसने वेना एनर्जी केएन विंड पावर प्राइवेट लिमिटेड में 9.04 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। इस 12,34,350 रुपये के सौदे में शेयर और संचयी परिवर्तनीय तरजीही शेयर शामिल हैं।
कंपनी ने बताया कि प्रस्तावित अधिग्रहण 31 अगस्त, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
वेना एनर्जी केएन विंड पावर प्राइवेट लिमिटेड अक्षय ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन के कारोबार में है। कंपनी कर्नाटक के मंगोली जिले में 46 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना संचालित कर रही है।
भाषा निहारिका
निहारिका