ओरिएंटल इंश्योरेंस डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करने पर तीन साल में करेगी 500 करोड़ रुपये का निवेश
ओरिएंटल इंश्योरेंस डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करने पर तीन साल में करेगी 500 करोड़ रुपये का निवेश
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की साधारण बीमा कंपनी ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अगले तीन साल में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (ओआईसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) संजय जोशी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘प्रौद्योगिकी को मजबूत करने के लिए हमारे पास अपने संसाधन हैं और इसके लिए बजट भी रखा गया है। हमें इसमें कोई समस्या नहीं होगी। अगले तीन साल में कुल खर्च करीब 500 करोड़ रुपये होगा।’’
उन्होंने कहा कि कुछ आरएफपी (प्रस्ताव के लिए अनुरोध) पहले ही जारी किए जा चुके हैं और बाकी परियोजनाओं पर अगले दो साल में काम शुरू किया जाएगा।
कंपनी की डिजिटल योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए जोशी ने कहा कि ओआईसीएल एक ‘डेटा लेक’ परियोजना पर काम कर रही है और अपने आंकड़ों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था को और मजबूत करने के कदम उठा रही है।
डेटा लेक ऐसी डिजिटल व्यवस्था है जिसमें अलग-अलग स्रोतों से बड़ी मात्रा में आंकड़ों को उनके मूल रूप में एक ही जगह सुरक्षित रखा जाता है। इसमें व्यवस्थित, आंशिक रूप से व्यवस्थित और बिना किसी तय ढांचे वाले आंकड़े भी रखे जा सकते हैं।
बीमा कंपनी ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने और अपनी सेवाओं को अधिक आसानी से उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द और डिजिटल उत्पाद भी शुरू करने की योजना बना रही है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


