फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने के आरोप में लोहा-इस्पात कंपनी का मालिक गिरफ्तार

फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने के आरोप में लोहा-इस्पात कंपनी का मालिक गिरफ्तार

फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने के आरोप में लोहा-इस्पात कंपनी का मालिक गिरफ्तार
Modified Date: September 18, 2026 / 03:52 pm IST
Published Date: September 18, 2026 3:52 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों ने फर्जी बिल जारी करके धोखाधड़ी से 25.22 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने के आरोप में लोहा और इस्पात उत्पादों के व्यापार में लगी एक कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है।

केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), दक्षिण दिल्ली आयुक्त कार्यालय की कर-चोरी रोधी शाखा के अधिकारियों की जांच से पता चला कि फर्म ने कई कंपनियों द्वारा जारी बिलों के आधार पर गलत ढंग से आईटीसी का लाभ उठाया था। इनमें से कुछ कंपनियों का अस्तित्व ही नहीं था, कुछ काम नहीं कर रही थीं, कुछ निलंबित या रद्द पाई गईं।

मौके पर जाकर किए गए सत्यापन में यह भी स्थापित हुआ कि कुछ आपूर्तिकर्ताओं के घोषित व्यावसायिक पते पर कोई वास्तविक व्यावसायिक गतिविधि नहीं चल रही थी।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इसके बाद दक्षिण दिल्ली आयुक्त कार्यालय के सीजीएसटी अधिकारियों ने लगभग 140.14 करोड़ रुपये के फर्जी बिलों के जरिये 25.22 करोड़ रुपये से अधिक के अमान्य आईटीसी से लाभ उठाने, उपयोग करने और आगे हस्तांतरित करने से जुड़े मामले में लोहा एवं इस्पात उत्पादों के व्यापार में शामिल कंपनी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया।

जांच से यह साबित हुआ कि माल की वास्तविक प्राप्ति के बिना ही आईटीसी लिया गया और माल की आपूर्ति किए बिना ही जारी किए गए बिलों के माध्यम से इसे विभिन्न प्राप्तकर्ताओं को भी हस्तांतरित किया गया था।

साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 17 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण


लेखक के बारे में