ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म की चालू वित्त वर्ष में आईपीओ लाने की तैयारी

ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म की चालू वित्त वर्ष में आईपीओ लाने की तैयारी

ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म की चालू वित्त वर्ष में आईपीओ लाने की तैयारी
Modified Date: September 9, 2026 / 02:46 pm IST
Published Date: September 9, 2026 2:46 pm IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) वैश्चिक यात्रा-प्रौद्योगिकी मंच ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म चालू वित्त वर्ष में 6,650 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के संस्थापक रितेश अग्रवाल ने यह जानकारी दी।

प्रिज्म के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितेश अग्रवाल ने ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उम्मीद है कि हम चालू वित्त वर्ष में ही आईपीओ पेश करेंगे। आईपीओ लाने से पहले हम मूल्य निर्धारण पर ध्यान देंगे।’’

कंपनी ने दिसंबर, 2025 में गोपनीय माध्यम से आईपीओ के लिए दस्तावेजों का मसौदा दाखिल किया था। इसके बाद उसने 30 जून, 2026 को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अद्यतन मसौदा दस्तावेज पेश किया।

प्रस्तावित आईपीओ में 6,650 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं होगा।

दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ से प्राप्त शुद्ध राशि में से 4,987.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी के बकाया कर्ज के भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।

इस बीच, अग्रवाल ने कहा कि ओयो को नासिक में होने वाले आगामी सिंहस्थ कुंभ के दौरान पर्यटन गतिविधियों में जोरदार बढ़ोतरी की उम्मीद है। उन्होंने इसकी तुलना प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से करते हुए इसे अबतक के सबसे बड़े ऐसे आयोजनों में से एक बताया।

भाषा

यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में