पेप्सिको भारत में 2030 तक करेगी 5,700 करोड़ रुपये का निवेश

Ads

पेप्सिको भारत में 2030 तक करेगी 5,700 करोड़ रुपये का निवेश

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 03:15 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) खाद्य एवं शीतल पेय कंपनी पेप्सिको ने मंगलवार को कहा कि वह वर्ष 2030 तक भारत में करीब 5,700 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह निवेश मुख्य रूप से खाद्य उत्पाद कारोबार की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर किया जाएगा।

पेप्सिको के भारत और दक्षिण एशिया क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जागृत कोटेचा ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारत कंपनी के लिए शीर्ष 13 बाजारों में शामिल है और यहां वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं।

कोटेचा ने कहा, ‘‘हम प्रतिबद्ध हैं और इसी के तहत वर्ष 2025 से 2030 के बीच हमने लगभग 5,700 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।’’

उन्होंने बताया कि यह निवेश मध्य प्रदेश, असम और तमिलनाडु में स्थित तीन प्रमुख विनिर्माण संयंत्रों पर केंद्रित होगा। इसमें मध्य प्रदेश में एक कंसन्ट्रेट्स संयंत्र, असम में स्नैक्स संयंत्र और तमिलनाडु में बड़े पैमाने पर स्नैक्स संयंत्र शामिल हैं।

कंपनी ने कहा कि इनमें से कुछ परियोजनाएं अगले कुछ महीनों में शुरू हो जाएंगी। वहीं तमिलनाडु में हाल में खरीदी गई जमीन दक्षिण भारत में विस्तार की योजना को मजबूत करेगी।

इस मौके पर कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) सविता बालचंद्रन ने कहा कि वर्ष 2025 में खाद्य उत्पादन खंड में लगभग 11 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, पेय पदार्थ कारोबार पर मौसम और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का असर देखने को मिला।

पेप्सिको ने 2026 की शुरुआत मजबूती के साथ की है और उसके पास 1,600 करोड़ रुपये से अधिक नकदी उपलब्ध है। कंपनी ने आगे भी संतुलित और अनुशासित निवेश रणनीति के साथ दीर्घकालिक वृद्धि पर ध्यान देने की बात कही है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय