कच्चे तेल के दाम चढ़ने से रुपया 44 पैसे लुढ़ककर 95.52 प्रति डॉलर पर

Ads

कच्चे तेल के दाम चढ़ने से रुपया 44 पैसे लुढ़ककर 95.52 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 09:23 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 09:23 PM IST

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को 44 पैसे लुढ़ककर डॉलर के मुकाबले 95.52 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच देश के आयात खर्च को लेकर बढ़ती चिंता से रुपये पर दबाव रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपये पर इस समय विपरीत दबाव है। जुलाई और अगस्त में सकारात्मक प्रवाह के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली फिर शुरू हो गई है और कच्चे तेल की कीमत 102 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है, जिससे रुपये पर दबाव बढ़ा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 95.15 पर खुला। बाद में यह कमजोर होकर 95.52 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 44 पैसे की गिरावट है।

रुपया बुधवार को 34 पैसे टूटकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

कोटक सिक्योरिटीज के जिंस एवं मुद्रा शोध प्रमुख अनिंद्य बनर्जी ने कहा, ‘‘रुपया फिर से 95.45 के स्तर की ओर कमजोर हुआ है। यह समझना महत्वपूर्ण है कि यह गिरावट डॉलर के कारण नहीं, बल्कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण है, क्योंकि डॉलर खुद कई महीनों के निचले स्तर पर है।’’

बनर्जी ने कहा कि मुद्रा बाजार में इस समय कई दबाव के बीच संतुलन बना हुआ है। नकारात्मक कारकों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की बिकवाली, 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कच्चे तेल की कीमत और ऊंचा अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल शामिल है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत गिरकर 98.81 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.28 प्रतिशत बढ़कर 102.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 138.36 अंक बढ़कर 74,902.59 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 46.30 अंक की बढ़त के साथ 23,477.80 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 438.24 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय